बारां जिले की अंता विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए सोमवार को मतदान सम्पन्न हुआ। इस दौरान सभी 268 मतदान केंद्रों पर वोटर्स की सुरक्षा और निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने के लिए कड़े इंतज़ाम किए गए। पोलिंग बूथों पर मोबाइल फोन ले जाने की अनुमति नहीं थी।
मतदान के बीच साकली गांव के केंद्र संख्या 219 पर ग्रामीणों ने विकास संबंधी मांगों—श्मशान और सड़क निर्माण—को लेकर वोटिंग का बहिष्कार किया। समर्थन में पहुंचे निर्दलीय उम्मीदवार नरेश मीणा करीब 15 मिनट तक कीचड़ में ग्रामीणों के साथ धरने पर बैठे और बाद में इसे समाप्त कर दिया।
अंता सीट पर इस बार मुकाबला त्रिकोणीय माना जा रहा है। बीजेपी के मोरपाल सुमन, कांग्रेस के प्रमोद जैन भाया और निर्दलीय नरेश मीणा सहित कुल 15 उम्मीदवार मैदान में हैं।
चुनाव आयोग के अनुसार 2,27,563 मतदाताओं के लिए 268 केंद्र बनाए गए थे। संवेदनशील और अत्यधिक संवेदनशील बूथों पर केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (CAPF) की तैनाती की गई। मतदान शाम 6 बजे तक शांतिपूर्वक संपन्न हुआ।

