अश्विनी वैष्णव ने ‘WAVES Creators’ Corner’ का उद्घाटन किया,इंडिया AI इम्पैक्ट समिट 2026 में एआई आधारित मीडिया-टेक स्टार्टअप्स पर जोर

Front-Page National

नई दिल्ली। केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने इंडिया AI इम्पैक्ट समिट 2026 के दूसरे दिन ‘WAVES Creators’ Corner’ का उद्घाटन किया। यह पवेलियन एनीमेशन, वीएफएक्स, गेमिंग, कॉमिक्स और एक्सटेंडेड रियलिटी (AVGC-XR) क्षेत्र में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के उपयोग को प्रदर्शित करने के लिए एक इंटरएक्टिव नवाचार मंच के रूप में तैयार किया गया है।

उद्घाटन के दौरान मंत्री ने कहा कि ‘WAVES Creators’ Corner’ मंत्रालय की प्रमुख पहलों—WaveX, Waves Bazaar और Create in India Challenges—का रणनीतिक विस्तार है। उन्होंने पवेलियन का दौरा कर स्टार्टअप्स और वैश्विक मीडिया-टेक कंपनियों के प्रतिनिधियों से बातचीत की।

51 स्टार्टअप्स को मिला मंच

समिट में WaveX से समर्थित 51 AVGC-XR और मीडिया-टेक स्टार्टअप्स अपने एआई आधारित समाधान और इमर्सिव तकनीकों का प्रदर्शन कर रहे हैं। मंत्री ने ‘भाषा सेतु’ और ‘कला सेतु’ चुनौतियों के विजेताओं समेत उभरते उद्यमियों से संवाद किया और नवाचार को बढ़ावा देने पर जोर दिया।

एआई से रचनात्मक क्षमता निर्माण पर जोर

मंत्री ने एक फायरसाइड चैट के दौरान कहा कि एआई तकनीक ग्रामीण भारत के प्रतिभाशाली युवाओं को वैश्विक स्तर के स्टार्टअप्स स्थापित करने के अवसर दे रही है। उन्होंने भारतीय फिल्म एवं रचनात्मक शिक्षा संस्थानों में एआई के एकीकरण की सराहना करते हुए कहा कि इससे भविष्य की उद्योग आवश्यकताओं के अनुरूप कौशल विकास को बल मिलेगा।

अत्याधुनिक एआई नवाचारों का प्रदर्शन

पवेलियन में रियल-टाइम गेम डेवलपमेंट, ‘प्रॉम्प्ट-टू-सिनेमा’ लाइव स्टूडियो, एआई-संचालित न्यूज़रूम, रियल-टाइम वॉइस क्लोनिंग, मल्टीलिंगुअल चैट एप्लिकेशन और 270-डिग्री एआई फिल्म स्क्रीनिंग जैसे कई तकनीकी प्रयोगों का प्रदर्शन किया गया।

आयोजकों के अनुसार ‘WAVES Creators’ Corner’ समिट के दौरान विशेषज्ञ संवाद, फिल्म निर्माता मास्टरक्लास और तकनीकी सत्रों की मेजबानी करता रहेगा, जिससे मीडिया और एंटरटेनमेंट क्षेत्र में एआई आधारित नवाचार और क्षमता निर्माण को गति मिलेगी।