बिहार में दो बड़ी परियोजनाओं को कैबिनेट की मंजूरी,निवेश 7,600 करोड़ से ज्यादा

Front-Page National

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में बुधवार को हुई केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में बिहार के लिए दो अहम परियोजनाओं को मंजूरी दी गई। इन पर कुल 7,616 करोड़ रुपये से अधिक का निवेश होगा।

पहली परियोजना के तहत बक्सर-भागलपुर हाई-स्पीड कॉरिडोर में 82.4 किमी लंबे मोकामा-मुंगेर फोर लेन ग्रीनफील्ड हाईवे का निर्माण होगा। इसे हाइब्रिड एन्युइटी मोड पर 4,447 करोड़ रुपये की लागत से बनाया जाएगा। दूसरी परियोजना में बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल को जोड़ने वाली 177 किमी लंबी भागलपुर-दुमका-रामपुरहाट सिंगल रेलवे लाइन को डबल किया जाएगा, जिसकी लागत करीब 3,169 करोड़ रुपये है।

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि रेलवे लाइन डबल होने से परिचालन आसान होगा और भीड़भाड़ कम होगी। इसके साथ ही यह परियोजना 28 लाख से ज्यादा लोगों और 400 से अधिक गांवों को फायदा पहुंचाएगी।

हाईवे परियोजना से पूर्वी बिहार के औद्योगिक क्षेत्रों—जमालपुर, मुंगेर और भागलपुर—को बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी। इससे माल ढुलाई और यातायात में तेजी आएगी, करीब डेढ़ घंटे का समय बचेगा और लाखों लोगों को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार मिलेगा।

सरकार का कहना है कि रेल डबलिंग प्रोजेक्ट से देवघर (बाबा बैद्यनाथ धाम) और पश्चिम बंगाल के तारापीठ जैसे धार्मिक स्थलों तक संपर्क भी मजबूत होगा। साथ ही तेल खपत में कमी और कार्बन उत्सर्जन घटने से पर्यावरणीय लाभ भी होगा।

हाल के हफ्तों में कैबिनेट की बैठकों में कई बड़े फैसले लिए गए हैं, जिनमें गुजरात और असम में रेलवे प्रोजेक्ट, राजस्थान में नया एयरपोर्ट, ओडिशा में रिंग रोड और सेमीकंडक्टर उत्पादन से जुड़े प्रोजेक्ट शामिल हैं।