दिल्ली में देश का पहला 8-लेन एलिवेटेड हाईवे,पीएम मोदी ने दिया ‘मेक इन इंडिया’ का संदेश

Front-Page National

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को दिल्ली के रोहिणी में देश के पहले आठ लेन एलिवेटेड हाईवे — द्वारका एक्सप्रेसवे और अर्बन एक्सटेंशन रोड-2 (UER-2) — का उद्घाटन किया। इस मौके पर उन्होंने लोगों से ‘मेक इन इंडिया’ और ‘वोकल फॉर लोकल’ को अपनाने की अपील की।

मोदी ने कहा, “अगर हम भारतीय हैं, तो हमें भारत में बने सामान ही खरीदने चाहिए। दिवाली पर भी हमें वही चीजें खरीदनी चाहिए, जो भारत में बने।” उन्होंने व्यापारियों से भी विदेशी सामान छोड़कर ‘लोकल प्रोडक्ट्स’ बेचने की अपील की।

पीएम मोदी की प्रमुख बातें

  • मोबाइल निर्माण में आत्मनिर्भरता: मोदी ने कहा कि पहले भारत अपनी जरूरत के फोन आयात करता था, लेकिन अब हर साल 30–35 करोड़ मोबाइल फोन देश में ही बनाए जा रहे हैं और निर्यात भी हो रहे हैं।
  • व्यापारियों को संदेश: पीएम ने कहा कि अब समय आ गया है कि व्यापारी विदेशी सामान छोड़कर स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा दें।
  • खिलौनों से निर्यात तक: उन्होंने बताया कि एक दशक पहले तक भारत खिलौने तक आयात करता था, लेकिन अब 100 से ज्यादा देशों को खिलौने निर्यात करता है।
  • GST सुधार: प्रधानमंत्री ने कहा कि दिवाली तक नेक्स्ट जेनरेशन GST सुधार लागू होंगे, जिसका लाभ सभी को मिलेगा।
  • पिछली सरकारों पर निशाना: उन्होंने कहा कि UPA सरकार के दौरान फाइलें तो चलती थीं लेकिन काम नहीं होता था। वहीं अब भाजपा सरकार में विकास तेजी से हो रहा है।
  • संविधान पर टिप्पणी: मोदी ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा, “जो लोग संविधान सिर पर रखकर नाचते हैं, वही उसे कुचलते भी थे और बाबा साहब की भावनाओं से विश्वासघात करते थे।”

भारत-अमेरिका के बीच टैरिफ विवाद

मोदी का यह संदेश ऐसे समय पर आया है जब भारत और अमेरिका के बीच टैरिफ विवाद चल रहा है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने रूस से तेल खरीद को लेकर भारत से आने वाले सामान पर कुल 50% टैरिफ लगाने का ऐलान किया है। विदेश मंत्रालय ने इस कदम को गलत बताया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, भारत भी अमेरिकी उत्पादों पर 50% तक टैरिफ लगाने पर विचार कर रहा है।

कार्यक्रम के दौरान रोड शो

उद्घाटन से पहले पीएम मोदी ने द्वारका एक्सप्रेसवे पर काम करने वाले मजदूरों से बातचीत की और फिर रोहिणी से बक्करवाला तक रोड शो किया। इस दौरान उन्होंने लोगों का अभिवादन किया। कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी भी मौजूद रहे।