जयपुर, 10 अक्टूबर — दीपावली के उत्सव को आत्मनिर्भरता और स्वदेशी भावना से जोड़ते हुए उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने शनिवार को जयपुर के विद्याधर नगर विधानसभा क्षेत्र में आयोजित भव्य दीपावली लाइट डेकोरेशन कार्यक्रम में शिरकत की। इस कार्यक्रम का आयोजन सीकर रोड व्यापार महासंघ की ओर से किया गया था।
मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित उपमुख्यमंत्री ने सभी नागरिकों को धनतेरस और दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि “दीपावली केवल रोशनी का त्योहार नहीं, बल्कि आत्मनिर्भर भारत के निर्माण का प्रतीक भी है।” उन्होंने लोगों से अपील की कि वे स्वदेशी उत्पादों को अपनाएं और विदेशी वस्तुओं से परहेज करें।
दिया कुमारी ने कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘वोकल फॉर लोकल’ अभियान से हर नागरिक को जुड़ना चाहिए और देश को आत्मनिर्भर बनाने में अपना योगदान देना चाहिए।”
कार्यक्रम में अमरनाथ जी महाराज, विधायक बालमुकुंद आचार्य, भाजपा जिला अध्यक्ष अमित गोयल, व्यापार महासंघ अध्यक्ष दिनेश मित्तल, गजानन अग्रवाल, सुभाष अग्रवाल, जयंत कुमावत, राकेश अग्रवाल, सुरेंद्र राजपुरा, पार्षद सुरेश जांगिड़, भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान विद्याधर नगर क्षेत्र में आकर्षक दीपावली लाइट डेकोरेशन की गई, जिसने स्थानीय नागरिकों और राहगीरों का ध्यान अपनी ओर खींचा।

