राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने मंगलवार को जयपुर स्थित सिविल लाइंस आवास पर आयोजित जनसुनवाई में आम लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने सड़क, पानी, बिजली, अतिक्रमण और अन्य स्थानीय मुद्दों से जुड़ी शिकायतें रखीं। उपमुख्यमंत्री ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को मामलों के शीघ्र और प्रभावी निस्तारण के निर्देश दिए।
दिया कुमारी ने कहा कि जनहित से जुड़े मामलों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि लोगों को समय पर राहत मिल सके। उन्होंने जनसुनवाई में पहुंचे लोगों से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं।
इसके बाद उपमुख्यमंत्री ने पर्यटन भवन में पर्यटन विभाग की उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में राज्य में चल रही पर्यटन परियोजनाओं, बजट घोषणाओं और निवेश प्रस्तावों की प्रगति की समीक्षा की गई।
बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि बड़े पर्यटन विकास परियोजनाओं का जल्द शिलान्यास कर उन्हें धरातल पर शुरू किया जाए और लंबित प्रक्रियाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए। अधिकारियों ने बताया कि वर्ष 2024-25 से 2026-27 तक की 72 बजट घोषणाओं में से छह पूरी हो चुकी हैं, जबकि 19 पर काम जारी है। वहीं वर्ष 2026-27 की 23 नई घोषणाओं में से 19 पर कार्य शुरू किया जा चुका है।
समीक्षा बैठक में शेखावाटी हवेली संरक्षण योजना, अल्बर्ट हॉल संग्रहालय के नवीनीकरण, आमेर किले में लाइट एंड साउंड शो, 206.87 करोड़ रुपये की महाराणा प्रताप सर्किट परियोजना, तनोट माता मंदिर परिसर के विकास, एआई आधारित पर्यटन ऐप और राज्य के धार्मिक एवं विरासत स्थलों के विकास जैसे विषयों पर भी चर्चा हुई।
उपमुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि राजस्थान को विश्वस्तरीय पर्यटन गंतव्य बनाने के लिए विकास कार्यों में तेजी लाई जाए और विरासत एवं धार्मिक पर्यटन से जुड़े प्रमुख परियोजनाओं को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जाए।

