PM मोदी को घाना का सर्वोच्च नागरिक सम्मान,भारत-घाना के बीच चार अहम समझौते

Front-Page International

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बुधवार को घाना की राजधानी अक्कारा में देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘ऑफिसर ऑफ द ऑर्डर ऑफ द स्टार ऑफ घाना’ से नवाज़ा गया। यह सम्मान उन्हें घाना के राष्ट्रपति जॉन महामा ने प्रदान किया। सम्मान को लेकर प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि यह न सिर्फ उनके लिए, बल्कि भारत के लिए भी गर्व की बात है।

भारत और घाना के बीच सहयोग को मिलेगी नई दिशा

दोनों देशों के बीच 4 महत्वपूर्ण समझौतों (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए, जिनमें पारंपरिक चिकित्सा, सांस्कृतिक आदान-प्रदान, गुणवत्ता मानक तय करने और विदेश मंत्रालय स्तर पर संयुक्त आयोग की स्थापना जैसे विषय शामिल हैं।

प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति महामा के बीच द्विपक्षीय वार्ता के बाद एक साझा बयान जारी किया गया, जिसमें दोनों नेताओं ने वैश्विक संघर्षों, आतंकवाद और संयुक्त राष्ट्र में सुधार जैसे विषयों पर एकजुटता जताई। मोदी ने स्पष्ट किया कि यह ‘युद्ध का नहीं, बातचीत और कूटनीति का समय है।’

UPI और फिनटेक में सहयोग

भारत और घाना के बीच डिजिटल भुगतान प्रणाली UPI को लागू करने पर सहमति बनी है। इसके अलावा प्रधानमंत्री मोदी ने घोषणा की कि भारत घाना में जन औषधि केंद्र, स्किल डेवलपमेंट सेंटर और रक्षा क्षेत्र में प्रशिक्षण सहित कई क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि भारत घाना के युवाओं के लिए ITEC और ICCR स्कॉलरशिप की संख्या दोगुनी करेगा।

द्विपक्षीय व्यापार को दोगुना करने का लक्ष्य

PM मोदी ने कहा कि भारत और घाना के बीच वर्तमान द्विपक्षीय व्यापार 25 हजार करोड़ रुपये से अधिक है, और अगले पांच वर्षों में इसे दोगुना करने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने राष्ट्रपति महामा को भारत दौरे का निमंत्रण भी दिया।

गर्मजोशी से हुआ स्वागत

प्रधानमंत्री के घाना आगमन पर उन्हें 21 तोपों की सलामी और गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। भारतीय समुदाय ने पारंपरिक वेशभूषा और शास्त्रीय नृत्यों से उनका स्वागत किया। स्कूली बच्चों ने संस्कृत श्लोकों से पीएम का अभिनंदन किया।

भारत और घाना के ऐतिहासिक संबंध

दोनों देश लंबे समय से गुटनिरपेक्ष आंदोलन के साझेदार रहे हैं। घाना ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में भारत की स्थायी सदस्यता के दावे का समर्थन किया है। कोविड महामारी के दौरान भारत ने घाना को 6 लाख वैक्सीन डोज और चिकित्सीय मदद भी भेजी थी।

गांधी के सिद्धांतों से प्रेरित घाना का स्वतंत्रता संग्राम

घाना के स्वतंत्रता सेनानी क्वामे एन्क्रूमा को अफ्रीका का गांधी कहा जाता है। वे गांधीजी की नीतियों से प्रेरित होकर ही ब्रिटिश हुकूमत के खिलाफ अहिंसा और नागरिक अवज्ञा के जरिए आंदोलन में जुटे। 1957 में घाना ब्रिटेन से आज़ाद होने वाला पहला अफ्रीकी देश बना।

प्रधानमंत्री मोदी की यह यात्रा भारत और अफ्रीका के संबंधों को नई ऊंचाई पर ले जाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।