राजस्थान के बूंदी जिले के डाबी थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-27 पर बुधवार तड़के एक भीषण सड़क हादसा हुआ। इसमें एक महिला समेत चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं।
पुलिस के मुताबिक सभी लोग बारां और मध्यप्रदेश के ब्यावरा से राजसमंद मजदूरी के लिए वैन में जा रहे थे। रास्ते में वैन किसी भारी वाहन से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वैन सवार चार लोगों के शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गए।
थाना अधिकारी हेमराज शर्मा ने बताया कि हादसा सुबह करीब 4 से 4:30 बजे के बीच हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को डाबी अस्पताल ले जाया गया, जहां से उन्हें कोटा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। मृतकों में से एक की पहचान अनिल के रूप में हुई है। अनिल की पत्नी और बच्चा हादसे में गंभीर रूप से घायल हैं। अन्य मृतकों की पहचान की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि हादसे में वैन पूरी तरह से आगे से क्षतिग्रस्त हो गई। आशंका है कि यह किसी ट्रक या ट्रोले से टकराई होगी, हालांकि टक्कर मारने वाला वाहन मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
घटना के बाद शवों को समेटकर अस्पताल लाना पड़ा। कई यात्री वैन में फंसे हुए थे, जिन्हें बड़ी मशक्कत से बाहर निकाला गया।

