डॉ. मुखर्जी के सपनों को साकार कर रही है मोदी सरकार:-शेखावत:श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती पर श्री फोर्ट ऑडिटोरियम में कार्यक्रम आयोजित

Front-Page National

केंद्रीय मंत्री बोले – कश्मीर में सभी भारतीय कानून लागू होना डॉ. मुखर्जी को सच्ची श्रद्धांजलि

नई दिल्ली, 9 जुलाई। केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने कहा कि नरेंद्र मोदी जी की सरकार डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जी के बताए हुए पथ पर निरंतर अग्रसर है। एक राष्ट्र विरासत का संरक्षण करते हुए किस तरह से विकसित हो, डॉ. मुखर्जी के इस सपने को साकार करने के लिए मोदी सरकार काम कर रही है।

बुधवार को श्री फोर्ट ऑडिटोरियम में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित ‘डॉ.श्यामा प्रसाद मुखर्जी : विचारधारा से विजन तक, मोदी युग में नई ऊर्जा’ कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री शेखावत ने कहा कि श्यामा प्रसाद मुखर्जी जी न होते तो इस देश का नक्शा आज जैसा हो, वैसा नहीं होता। विचार की जो अग्नि और ज्वाला उन्होंने जलाई थी, एक स्वप्नदृष्टा के रूप में, भारत का निर्माण आजादी के बाद किस तरह से हो, भारत विकसित किस तरह से हो, उसे साकार स्वरूप प्रदान करने के लिए नरेंद्र मोदी सरकार निरंतर अग्रसर है। जो पथ प्रदर्शन श्यामा प्रसाद मुखर्जी जी ने अपने जीवन में किया था, नरेंद्र मोदी सरकार का हर निर्णय उनके विचारों से प्रेरित है। अंत्योदय के प्रति श्यामा प्रसाद मुखर्जी जी की प्रतिबद्धता-अंतिम व्यक्ति का उत्थान-हमारी सरकार के मौजूदा लोकाचार के साथ गहराई से मेल खाती है।

शेखावत ने कहा कि मोदी सरकार गरीब को गणेश मानकर काम करने में जुटी है। आज श्यामा प्रसाद मुखर्जी जी की आत्मा प्रसन्न होती होगी कि विगत 11 वर्षों में भारत में 30 करोड़ लोग गरीबी की रेखा से बाहर आकर सम्मान के साथ राष्ट्र निर्माण में सकारात्मक योगदान दे रहे हैं। भारत का विमान चांद तक पहुंच गया है। भारत का बेटा विंग कमांडर शुभांशु शुक्ला स्पेस में जाकर प्रधानमंत्री जी से स्पष्टता के साथ में बात करता है। कश्मीर के लाल चौक पर निर्भीकता के साथ में देश का तिरंगा फहराया जाता है। कश्मीर में हजारों लोग एक साथ हाथ में तिरंगा लेकर तिरंगा यात्रा निकालते हैं।

केंद्रीय मंत्री शेखावत ने कहा कि श्यामा प्रसाद मुखर्जी जी की आत्मा यह देखकर प्रसन्न होती होगी कि कश्मीर में भारत के सारे कानून लागू हैं। आज एक देश, एक निशान, एक प्रधान और एक ही विधान है। उनकी आत्मा यह देखकर प्रसन्न होती होगी कि अयोध्या में भगवान राम का मंदिर नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में बना है। शेखावत ने कहा कि आज हम संकल्प लें कि अमृतकाल में हम श्यामा प्रसाद मुखर्जी जी के सपनों का भारत बनाएंगे।

केंद्रीय मंत्री शेखावत ने कहा कि श्यामा प्रसाद मुखर्जी जी ने भारतीय संस्कृति को कश्मीर से कन्याकुमारी तक अनेकता में एकता के सूत्र के रूप में परिभाषित किया। आज मोदी जी के रचे विकास पथ पर ‘आर्टिकल 370 से मुक्त जम्मू और कश्मीर राज्य’ गतिमान है। यह डॉ. मुखर्जी का ही स्वप्न था। राष्ट्र का सांस्कृतिक पुनर्जागरण उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि है। कार्यक्रम के दौरान डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जी के नाम पर डाक टिकट और सिक्का भी लोकार्पित किया गया।