नई दिल्ली: संसद परिसर में शुक्रवार को विपक्षी दलों ने कथित राम मंदिर चढ़ावा गबन के आरोपों को लेकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान सांसद पप्पू यादव पुजारी के वेश में दानपेटी लेकर पहुंचे और नुक्कड़ नाटक के जरिए सरकार पर निशाना साधा।
विपक्षी सांसदों ने सांकेतिक रूप से दानपेटी में चंदा डाला। नाटक के दौरान पुजारी की भूमिका निभा रहे पप्पू यादव ने कथित तौर पर दानपेटी में डाले गए पैसे को जेब में रखते हुए आरोपों का प्रतीकात्मक प्रदर्शन किया। इस दौरान विपक्षी सांसदों ने “चंदा चोर, गद्दी छोड़” और “अमित शाह सदन में आओ” जैसे नारे लगाए। राहुल गांधी सहित कई सांसदों ने विरोध प्रदर्शन में हिस्सा लिया।
विपक्ष ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से संसद में आकर हाल के छात्र आंदोलन और पुलिस कार्रवाई पर जवाब देने की मांग भी दोहराई।
उधर, लोकसभा की कार्यवाही हंगामे के बीच पहले दोपहर 12 बजे तक स्थगित हुई। बाद में सदन की कार्यवाही शुरू होने पर जन्म-मृत्यु पंजीकरण (संशोधन) विधेयक, 2026 ध्वनिमत से पारित कर दिया गया। इसके बाद लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही 3 अगस्त तक के लिए स्थगित कर दी गई।
इस बीच कांग्रेस ने केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह के संसद में दिए गए उस बयान को लेकर उनके खिलाफ विशेषाधिकार हनन का प्रस्ताव पेश किया, जिसमें उन्होंने कहा था कि जंतर-मंतर और संसद मार्च के दौरान प्रदर्शनकारियों पर फायरिंग नहीं हुई थी।
राम मंदिर चढ़ावा मामले में उत्तर प्रदेश सरकार पहले ही सुप्रीम कोर्ट को बता चुकी है कि आरोपों की जांच के लिए नई विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया है। सुप्रीम कोर्ट ने एसआईटी से दो सप्ताह में स्थिति रिपोर्ट दाखिल करने को कहा है और जांच में फोरेंसिक ऑडिटर को भी शामिल करने के निर्देश दिए हैं।

