राजस्थान की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) ने राजस्थान, गुजरात और मध्य प्रदेश में एक साथ कार्रवाई करते हुए कुल 75 हजार रुपये के इनामी तीन फरार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। ये तीनों अलग-अलग मादक पदार्थ तस्करी से जुड़े मामलों में लंबे समय से वांछित थे।
एएनटीएफ के आईजी विकास कुमार ने बताया कि तीन अलग-अलग ऑपरेशन चलाकर भीलवाड़ा, फलोदी और दौसा पुलिस द्वारा घोषित 25-25 हजार रुपये के इनामी आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों में राहुल सिंह, सोहेल खान उर्फ साहिल खान और रमणलाल शामिल हैं।
आईजी विकास कुमार के अनुसार, पहले ऑपरेशन में भीलवाड़ा के एमडी ड्रग्स फैक्ट्री मामले में वांछित राहुल सिंह को सवाई माधोपुर से गिरफ्तार किया गया। दूसरे ऑपरेशन में फलोदी के एनडीपीएस मामले में फरार चल रहे सोहेल खान उर्फ साहिल खान को इंदौर (मध्य प्रदेश) से पकड़ा गया। वहीं तीसरे ऑपरेशन में हवाला नेटवर्क से जुड़े आरोपी रमणलाल को गुजरात के पाटन से गिरफ्तार किया गया।
आईजी विकास कुमार ने कहा कि मादक पदार्थों की तस्करी और उससे जुड़े नेटवर्क के खिलाफ एएनटीएफ का अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने लोगों से अपील की कि नशा तस्करी या अपराध से जुड़ी कोई भी जानकारी एएनटीएफ के हेल्पलाइन नंबर पर साझा करें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

