खड़गे का मोदी पर तीखा हमला:”झूठों के सरदार”,राहुल बोले—OBC मुद्दों पर कांग्रेस पिछड़ी

Front-Page National Politics

दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में आयोजित भागीदारी न्याय सम्मेलन के दौरान कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी ने केंद्र की मोदी सरकार पर जमकर हमला बोला। खड़गे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को “झूठों का सरदार” बताते हुए कहा कि वे संसद में भी झूठ बोलते हैं।

खड़गे ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री ने देश से कई झूठे वादे किए—हर साल दो करोड़ नौकरियां देने, विदेशों से काला धन लाकर 15 लाख देने और किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) सुनिश्चित करने के। उन्होंने यह भी कहा कि मोदी खुद को OBC बताते हैं, जबकि पहले वह सवर्ण जाति से थे और मुख्यमंत्री बनने के बाद अपनी जाति को OBC सूची में डलवाया।

कांग्रेस अध्यक्ष ने दावा किया कि राहुल गांधी ही वह नेता हैं जिन्होंने खुलकर OBC समुदाय के अधिकारों की बात की और जातिगत जनगणना की मांग उठाई।

राहुल गांधी: कांग्रेस OBC वर्ग की आकांक्षाएं नहीं समझ पाई

कार्यक्रम में राहुल गांधी ने आत्ममंथन करते हुए स्वीकार किया कि पिछले 10–15 वर्षों में कांग्रेस OBC वर्ग की समस्याएं पूरी तरह नहीं समझ पाई, जिससे बीजेपी को अपनी विचारधारा फैलाने का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस दलित, आदिवासी और महिला मुद्दों पर सही दिशा में थी, लेकिन OBC वर्ग को लेकर पीछे रह गई।

राहुल ने यह भी आरोप लगाया कि केंद्र सरकार 50% आरक्षण सीमा को इसलिए नहीं तोड़ना चाहती क्योंकि इससे बीजेपी की विचारधारा का पर्दाफाश हो जाएगा।

अब होगी देश में जातिगत जनगणना

केंद्र सरकार ने 30 अप्रैल 2025 को ऐतिहासिक फैसला लेते हुए स्वतंत्र भारत की पहली आधिकारिक जातिगत जनगणना कराने का निर्णय लिया है। केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने जानकारी दी कि यह गणना अब आने वाली सामान्य जनगणना का हिस्सा होगी।

उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पिछली सरकारों ने जातिगत जनगणना को लेकर केवल खानापूरी की और 2011 में जो सर्वे हुआ, उसके आंकड़े तक जारी नहीं किए।

गृह मंत्रालय के अनुसार, जातिगत जनगणना दो चरणों में होगी—पहला चरण अक्टूबर 2026 से हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में शुरू होगा, जबकि दूसरा चरण मार्च 2027 से देश के बाकी राज्यों में किया जाएगा।