टोंक:-कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और राष्ट्रीय महासचिव सचिन पायलट गुरुवार को अपने विधानसभा क्षेत्र टोंक पहुंचे, जहां उन्होंने विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस दौरान पायलट ने मंच से लेकर मीडिया बातचीत तक, केंद्र की मोदी सरकार और राजस्थान की भजनलाल शर्मा सरकार पर तीखे हमले किए।
‘धनखड़ का इस्तीफा जल्दबाज़ी में, दाल में कुछ काला’
पायलट ने उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ के अचानक इस्तीफे को लेकर कहा कि “बीजेपी किसानों की बात तो करती है, लेकिन किसान पुत्र का इस तरह अपमान किया गया। इस्तीफे का बहाना भले ही खराब स्वास्थ्य बताया गया हो, लेकिन यह संदेहास्पद है। मटका एक दिन फूटेगा और सच्चाई सामने आएगी।” उन्होंने कहा कि इस अपमानजनक विदाई से न केवल एक व्यक्ति, बल्कि देशभर के किसानों का अपमान हुआ है।
राज्य सरकार पर भी साधा निशाना
पायलट ने प्रदेश की भजनलाल सरकार को विफल करार देते हुए कहा कि “सरकार सिर्फ दिल्ली के चक्कर काट रही है, मंत्री लॉबिंग में व्यस्त हैं। जनता की बात सुनने वाला कोई नहीं है। 2028 में इनका जाना तय है।” नरेश मीणा की जनक्रांति यात्रा पर प्रतिक्रिया देते हुए पायलट बोले, “हर किसी को अपनी बात रखने का हक है, लेकिन क्या राजनैतिक दल वाकई उन बातों को सुनते हैं?”
‘भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष भी तय नहीं कर पा रही’
भाजपा पर कटाक्ष करते हुए पायलट ने कहा, “जो पार्टी खुद को दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी बताती है, वो आज तक अपना राष्ट्रीय अध्यक्ष तय नहीं कर पाई है। पार्टी के भीतर गुटबाजी चरम पर है।” उन्होंने कहा कि विपक्ष के दबाव के बाद अब ‘ऑपरेशन सिंदूर’ पर संसद में चर्चा होनी तय है।
स्थानीय परियोजना का लोकार्पण
पायलट ने टोंक में धन्ना तलाई क्षेत्र में गंदे पानी के निस्तारण के लिए बनाए गए एसटीपी प्रोजेक्ट का लोकार्पण किया। मौके पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने उनका जोरदार स्वागत किया।
सचिन पायलट का यह दौरा ऐसे समय में हुआ है जब राजस्थान की राजनीति कई मोर्चों पर गर्म है और विपक्षी दल राज्य और केंद्र की नीतियों पर लगातार सवाल उठा रहे हैं।

