राजस्थान में 2021 की एसआई भर्ती परीक्षा के पेपर लीक मामले में विशेष संचालन समूह (SOG) ने एक और बड़ी गिरफ्तारी की है। एसओजी ने आरएसी की 10वीं बटालियन, बीकानेर में तैनात निलंबित कांस्टेबल शिवसिंह को गुरुवार को गिरफ्तार किया। उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था और वह लंबे समय से फरार चल रहा था।
सबलपुरा (सीकर) निवासी है आरोपी
एडीजी वी.के. सिंह ने बताया कि शिवसिंह, जो सबलपुरा (सीकर) का निवासी है, पर एसआई परीक्षा से पहले अभ्यर्थियों तक लीक पेपर पहुंचाने का आरोप है। जांच में सामने आया कि सहायक लेखाधिकारी संदीप कुमार लाटा ने अभ्यर्थी सुरेंद्र कुमार बगड़िया और रवींद्र सिंह को पेपर दिलवाने के लिए शिवसिंह को माध्यम बनाया था।
तीसरी रैंक पाने वाले को लीक पेपर दिलवाया गया था
लीक पेपर और उत्तर कुंजी शिवसिंह के माध्यम से सुरेंद्र कुमार बगड़िया तक पहुंची, जिसने परीक्षा में तीसरी रैंक हासिल की। एसओजी की जांच में यह पूरा नेटवर्क उजागर हुआ, जिसमें संदीप कुमार लाटा ने उदयपुर स्थित अपने सरकारी क्वार्टर में उम्मीदवारों को पेपर रटवाया था।
कोर्ट से जारी हुआ था वारंट, अब तक 111 गिरफ्तार
शिवसिंह के खिलाफ 3 मार्च 2024 को कोर्ट से गिरफ्तारी वारंट जारी हुआ था। एसओजी ने उस पर इनाम घोषित कर रखा था और गुरुवार को उसे आखिरकार गिरफ्तार कर लिया गया। अब तक इस मामले में एसओजी 111 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। जांच अभी भी जारी है।

