जयपुर, 14 जून – दुबई से जयपुर आ रही एअर इंडिया एक्सप्रेस की एक अंतरराष्ट्रीय उड़ान तकनीकी खराबी के कारण पांच घंटे से अधिक देरी से रवाना हुई। इस दौरान करीब 150 से अधिक यात्रियों को बिना एयर कंडीशनिंग और पर्याप्त सुविधाओं के विमान में ही बैठाए रखा गया, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
फ्लाइट संख्या IX-196 को 13 जून की शाम 7:25 बजे दुबई से उड़ान भरनी थी, लेकिन तकनीकी समस्या के कारण विमान समय पर उड़ान नहीं भर सका। यात्रियों का कहना है कि उन्हें प्लेन के भीतर ही इंतजार कराया गया, जहां एसी काम नहीं कर रहा था और पीने के लिए पानी तक नहीं दिया गया।
फ्लाइट में सवार सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर आरजू सेठी ने फ्लाइट के अंदर का वीडियो शेयर कर एयरलाइन की लापरवाही पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा, “भीषण गर्मी में हम घंटों तक पसीने से लथपथ बैठे रहे। मेरा तीन साल का बच्चा भी बेहद परेशान था। न एसी चल रहा था, न ही किसी ने पानी दिया। फ्लाइट स्टाफ हमारी मदद के लिए नहीं आया।”
आरजू ने यह भी कहा कि अगर तकनीकी दिक्कत थी, तो यात्रियों को एयरपोर्ट टर्मिनल में बैठाया जाना चाहिए था, लेकिन एयरलाइन ने सभी को विमान में ही रोककर रखा।
प्लेन ने आखिरकार रात 12:44 बजे दुबई से उड़ान भरी और 2:44 बजे जयपुर एयरपोर्ट पहुंचा। यानी तय समय से करीब सवा पांच घंटे की देरी हुई।
यात्रियों ने एयर इंडिया एक्सप्रेस की कार्यशैली को “यातनापूर्ण” और “यात्रियों की सुरक्षा में बड़ी चूक” करार दिया है। एक अन्य यात्री रवि कुमार ने कहा, “विमान में घुटन हो रही थी। फ्लाइट अटेंडेंट को कई बार बुलाया गया, लेकिन कोई नहीं आया।”
आरजू सेठी ने अहमदाबाद फ्लाइट में हाल ही में हुई एक अन्य घटना का जिक्र करते हुए सरकार से इस तरह की लापरवाहियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की।
एअर इंडिया एक्सप्रेस की ओर से इस पूरे मामले पर फिलहाल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।

