बांग्लादेश:ट्रेनर विमान स्कूल पर गिरा,20 की मौत,170 से ज़्यादा घायल

Front-Page National

बांग्लादेश की राजधानी ढाका में सोमवार को वायुसेना का एक ट्रेनर विमान माइलस्टोन स्कूल पर क्रैश हो गया। इस हादसे में अब तक 20 लोगों की मौत हो चुकी है, जिनमें 16 छात्र, 2 शिक्षक और पायलट शामिल हैं। एक अन्य मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है।

171 से ज़्यादा लोग घायल
हादसे में 171 से अधिक लोग घायल हुए हैं। 60 से ज्यादा गंभीर रूप से घायल लोगों को बर्न इंस्टिट्यूट भेजा गया है, जबकि बाकी का इलाज उत्तरा मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। चश्मदीदों के मुताबिक कई घायलों को हाथ ठेलों और हेलिकॉप्टर से अस्पताल पहुंचाया गया।

स्कूल में मची अफरातफरी, सरकार ने किया एक दिन के शोक का ऐलान
यह हादसा सोमवार दोपहर 1:18 बजे उस वक्त हुआ, जब स्कूल में कक्षाएं चल रही थीं। विमान स्कूल के पास की एक इमारत से टकराते हुए परिसर में गिरा, जिससे आग लग गई और अफरातफरी मच गई। सरकार ने इस घटना पर एक दिन के राजकीय शोक की घोषणा की है।

F-7BGI ट्रेनर विमान था दुर्घटनाग्रस्त
बांग्लादेश वायुसेना ने बताया कि हादसे में शामिल F-7BGI एक चीनी निर्मित ट्रेनर और फाइटर जेट था। यह विमान 2011-13 के बीच खरीदा गया था और थंडरकैट स्क्वाड्रन का हिस्सा था। विमान में आग लगने के बाद कई दमकल टीमें मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाया।

‘अल्लाह ने मेरे दोनों बच्चे छीन लिए’
मृत छात्रों के परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। एक अभिभावक ने कहा, “अल्लाह ने मेरे दोनों बच्चे छीन लिए।” कई लोग अपने बच्चों को ढूंढते हुए स्कूल परिसर में दाखिल हुए, जहां राहत और बचाव कार्य जारी था।

लोगों ने किया रक्तदान, नेताओं ने जताया दुख
घटना के बाद बड़ी संख्या में लोग अस्पतालों के बाहर रक्तदान के लिए पहुंचे। एक महिला ने कहा, “छोटे बच्चे मर रहे हैं, हम कम से कम खून तो दे सकते हैं।”

बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के प्रमुख मोहम्मद यूनुस, भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पाकिस्तान के डिप्टी पीएम इशाक डार समेत कई नेताओं ने इस दुखद हादसे पर संवेदना जताई है।

प्रधानमंत्री मोदी ने एक्स (पूर्व ट्विटर) पर लिखा, “हम मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हैं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हैं। भारत बांग्लादेश के साथ खड़ा है।”

सरकारी जांच एजेंसियां इस हादसे की जांच में जुटी हैं।